कपड़े, फैशन और सोशल मीडिया की छवि से परे असली लक्ष्य की तलाश : युवाओं को आईना दिखाता श्री अनिल स्वरूप का संदेश
उज्जैन | 19 फरवरी 2026 आज का युवा अवसरों के विस्तृत आकाश में खड़ा है, लेकिन उसी आकाश में भ्रम के बादल भी तेजी से घिर रहे हैं। कपड़े, फैशन, ब्रांडेड जीवनशैली और सोशल मीडिया पर परफेक्ट छवि गढ़ने की होड़ कई बार उसे उसके वास्तविक लक्ष्य से दूर ले जाती है। इसी संवेदनशील विषय पर सशक्त और प्रेरक उद्बोधन देते हुए भारत सरकार के पूर्व सचिव और नई शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन प्रभारी रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनिल स्वरूप ने युवाओं को आत्ममंथन का संदेश दिया। सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित “ऊर्जा-सेतु” व्याख्यान श्रृंखला के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने “यू केन मेक इट हैप्पन – आप इसे संभव बना सकते हैं” विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा— “आप समय की कमी से नहीं, समय के दुरुपयोग से हारते हैं।” ‘ऊर्जा-सेतु’ : संवाद और दिशा का मंच यह व्याख्यान विक्रमोत्सव-2026 (विक्रम संवत 2082) के अंतर्गत सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संगठन ‘विक्रम विश्वविद्यालय एल्यूमनाई एसोसिएशन’ द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वा...