घोंसला से खेड़ा खजुरिया तक गूंजा तिरंगे का जयघोष, महिदपुर ग्रामीण में भव्य तिरंगा यात्रा

 राष्ट्र गौरव तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोग



उज्जैन। हर घर तिरंगा अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से भाजपा जिला उज्जैन ग्रामीण के महिदपुर ग्रामीण मंडल में मंगलवार को राष्ट्र गौरव तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कृषि उपज मंडी ग्राम घोंसला से शुरू हुई यह यात्रा विभिन्न गांवों से होते हुए ग्राम खेड़ा खजुरिया पहुंची, जहां राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ।

यात्रा की शुरुआत प्रातः 11 बजे मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद हुई। हाथों में तिरंगा लिए बड़ी संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “वीर शहीदों का बलिदान याद रखेगा हिंदुस्तान” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

जगह-जगह हुआ तिरंगा यात्रा का स्वागत

घोंसला से खेड़ा खजुरिया तक निकली तिरंगा यात्रा का ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। देशभक्ति गीतों और लहराते तिरंगों के बीच यात्रा में युवाओं, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।


 


श्याम टेलर ने किया यात्रा का नेतृत्व

भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर विशेष रूप से यात्रा में शामिल हुए और उन्होंने इसका नेतृत्व किया। उनके साथ भाजपा जिला उज्जैन ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़, भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी शोभित शर्मा, प्रदेश कार्यालय मंत्री अमन रॉय, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं यात्रा प्रभारी अनिल वर्मा, पूर्व विधायक बहादुर सिंह चौहान सहित शहीद परिवारों के सदस्य भी यात्रा में शामिल हुए।

युवाओं से शिक्षा, कौशल और सेवा को अपनाने का आह्वान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने कहा कि देश के भविष्य के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 2047 का विकसित भारत युवाओं के सपनों, संकल्प और मेहनत से साकार होगा।

उन्होंने युवाओं से नशे, आलस्य और दुष्प्रचार से दूर रहकर शिक्षा, कौशल और सेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को जाति, धर्म और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील


भाजपा जिला उज्जैन ग्रामीण के जिलाध्यक्ष राजेश धाकड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में चल रहा हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत कर रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, दुकान और संस्थान पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाने की अपील की।

पूर्व विधायक बहादुर सिंह चौहान ने कहा कि देश की आजादी के लिए वीर सपूतों ने अपना जीवन बलिदान किया। उनके बलिदान को हमेशा याद रखना और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

यात्रा प्रभारी एवं भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल वर्मा ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि जन-जन में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने का संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से 15 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।


जिले के सभी मंडलों में होंगी तिरंगा यात्राएं

महिदपुर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष किशोर शर्मा ने यात्रा में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह महिदपुर ग्रामीण मंडल के लिए गौरव की बात है कि जिले में हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत इसी मंडल से की गई।

जिला मीडिया प्रभारी गजेन्द्र परमार ने बताया कि 10 अगस्त से 15 अगस्त तक जिले के प्रत्येक मंडल में इसी तरह तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा के समापन पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण रखने का संकल्प लिया।

यात्रा में अभियान के जिला संयोजक राकेश यादव, सह संयोजक महिपाल सिंह उमठ, निरंजन मेहता, गजेंद्र सिंह राजावत, किशोर मेहता, पदम सिंह पटेल, कृष्णा सूर्यवंशी, शिवनारायण सूर्यवंशी, सुमेरसिंह कालूहेड़ा, पंकज यादव, उमा पाण्डे, गुरुचरण सिंह, श्याम सिंह सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

महाशिवरात्रि पर्व 2026: आस्था, साधना, विज्ञान और सामाजिक समरसता का महापर्व

UGC Act 2026: उच्च शिक्षा में सामाजिक न्याय या नया असंतुलन?

संत रविदास : समता, श्रम और मानव गरिमा के अमर साधक