खंडवा प्रशिक्षण शिविर से लौटे कांग्रेस पदाधिकारियों का बुरहानपुर में सम्मान, प्रमाण-पत्र वितरित
बुरहानपुर। खंडवा में 12 एवं 13 जुलाई को आयोजित कांग्रेस के दो दिवसीय संयुक्त प्रशिक्षण शिविर से लौटे बुरहानपुर जिले के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का जिला कांग्रेस कार्यालय में भव्य स्वागत किया गया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रिंकू टाक के नेतृत्व में आयोजित सम्मान समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, संगठन महामंत्री संजय कामले, प्रशिक्षण विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र जोशी सहित वरिष्ठ नेताओं एवं विशेषज्ञों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, मतदाता सूची प्रबंधन, जनसंपर्क, सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग तथा संगठनात्मक गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करने के विषय में विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष रिंकू टाक ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक रूप से अधिक सक्षम बनाना और उन्हें आधुनिक कार्यशैली के अनुरूप प्रशिक्षित करना था। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव का उपयोग आगामी दिनों में संगठन विस्तार, जनहित के कार्यों और आम जनता से प्रभावी संवाद स्थापित करने में किया जाएगा।
कांग्रेस मीडिया प्रभारी तफज्जुल हुसैन ने बताया कि शिविर में कांग्रेस की विचारधारा, बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची के प्रभावी संचालन, जनसंपर्क अभियान तथा सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सम्मान समारोह में मंडलम अध्यक्षगण, पश्चिम ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती योजना देवड़ा, जिला उपाध्यक्ष अमर यादव, हुजेफ़ा मुलायमवाल, शेख आरिफ, डॉ. फ़िरोज़ बैग, तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला, शेख रुस्तम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और जनसेवा के संकल्प को कांग्रेस की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
Comments
Post a Comment