उज्जैन को पूर्ण साक्षर बनाने की दिशा में बड़ा कदम, उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम का जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न

 उज्जैन, 6 जुलाई। जिले को पूर्ण साक्षर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रौढ़ शिक्षा कार्यालय द्वारा उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को वर्जिन मेरी स्कूल, सेठीनगर में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस प्रशिक्षण में जिलेभर के समन्वयकों एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लेकर साक्षरता अभियान को गति देने का संकल्प लिया।



कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र खत्री एवं जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी संजय शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। अतिथियों ने उपस्थित समन्वयकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि साक्षरता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और आत्मनिर्भरता का आधार है।

 


जिला शिक्षा अधिकारी श्री खत्री ने असाक्षर व्यक्तियों के सर्वेक्षण को पूरी गंभीरता एवं प्रभावशीलता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। वहीं जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी श्री शर्मा ने "घर-घर साक्षरता" के लक्ष्य को साकार करने के लिए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए सभी से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक साक्षरता की रोशनी पहुँचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) राहुल भार्गव ने उज्जैन जिले को पूर्ण साक्षर घोषित कराने के लक्ष्य पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी समन्वयक एवं अक्षर साथी मिशन भावना के साथ कार्य करें, ताकि निर्धारित समय में लक्ष्य हासिल किया जा सके।

प्रशिक्षण की शुरुआत "जन-जन साक्षर करेंगे" के उद्घोष के साथ हुई। प्रशिक्षण सत्रों में असाक्षर व्यक्तियों के चिन्हांकन, ऑनलाइन पंजीयन, डोर-टू-डोर सर्वे, अक्षर साथियों के पंजीयन, अक्षर पोथी के अध्ययन, सफलता की कहानी लेखन तथा एनआईएलपी (NILP) ऐप के प्रभावी उपयोग सहित विभिन्न तकनीकी एवं शैक्षणिक विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विभिन्न विकासखंडों से आए प्रशिक्षित सह-समन्वयकों ने भी प्रतिभागियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।


कार्यक्रम के दौरान उज्जैन शहर की सक्रिय अक्षर साथी नीतू गोयल को साक्षरता अभियान में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिला प्रौढ़ शिक्षा अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों ने उनका उत्साहवर्धन करते हुए अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम का सफल संचालन कमलेश शर्मा ने किया, जबकि अंत में आशीष उपाध्याय ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले में साक्षरता अभियान को नई गति देने तथा प्रत्येक असाक्षर नागरिक तक शिक्षा का प्रकाश पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

 

Comments

Popular posts from this blog

महाशिवरात्रि पर्व 2026: आस्था, साधना, विज्ञान और सामाजिक समरसता का महापर्व

UGC Act 2026: उच्च शिक्षा में सामाजिक न्याय या नया असंतुलन?

संत रविदास : समता, श्रम और मानव गरिमा के अमर साधक