ग्राम मझनिया की बेटी अंजलि सौराष्ट्रीय बनीं ASI, पुलिस विभाग में चयन से क्षेत्र में खुशी की लहर
शाजापुर | संवाददाता : हरीश नागर
शाजापुर जिले के ग्राम मझनिया की होनहार बेटी अंजलि सौराष्ट्रीय ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए मध्य प्रदेश पुलिस विभाग में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव, परिवार और जिले में खुशी का माहौल है।
अंजलि, ग्राम मझनिया निवासी श्री हिम्मत सिंह सौराष्ट्रीय की पुत्री हैं। उनके ASI पद पर चयन की खबर मिलते ही क्षेत्रवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाइयां दीं। ग्रामीणों का कहना है कि अंजलि ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
अंजलि की इस उल्लेखनीय सफलता पर मध्य प्रदेश इतिहास संतुलन के अध्यक्ष डॉ. तेज सिंह सेंधव, मीडिया प्रभारी हरीश नागर, कुंवर जयवर्धन सिंह सेंधव, पीरू लाल कलसिया, पूर्व जिला उपाध्यक्ष भाजपा आगर मालवा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं समाजजनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बेटियों की सफलता पूरे समाज का गौरव होती है। अंजलि सौराष्ट्रीय ने न केवल अपने परिवार का, बल्कि शाजापुर जिले का भी नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
क्षेत्रवासियों ने विश्वास व्यक्त किया कि अंजलि अपने कर्तव्यनिष्ठ कार्यों से पुलिस विभाग में उत्कृष्ट सेवाएं देकर समाज और प्रदेश का नाम और अधिक गौरवान्वित करेंगी।
संवाददाता : हरीश नागर

Comments
Post a Comment