उन्हेल सहित 36 ग्राम पंचायतों के लिए बड़ी खुशखबरी! प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जल्द बन सकता है सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद, 30 या 50 बिस्तरों वाले सीएचसी को मिल सकती है मंजूरी
उन्हेल (उज्जैन)। रिपोर्ट: तूफान सिंह बंजारा, उन्हेल
उन्हेल एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है। लंबे समय से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उन्हेल का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) शीघ्र ही 30 या 50 बिस्तरों वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उन्नत किए जाने की घोषणा हो सकती है।यदि यह प्रस्ताव स्वीकृत होता है तो उन्हेल सहित आसपास की 36 ग्राम पंचायतों के हजारों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। वर्तमान में गंभीर मरीजों को उपचार के लिए नागदा, खाचरौद या उज्जैन रेफर करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की परेशानी उठानी पड़ती है। सीएचसी बनने के बाद क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, बेहतर उपचार, प्रसूति सेवाएं, आपातकालीन चिकित्सा एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से इस मांग को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के समक्ष आवाज उठाई जाती रही है। अब यदि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति मिलती है तो यह पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि होगी और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा मिलेगी।
हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। क्षेत्र में चर्चा है कि स्वीकृति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही सरकार की ओर से औपचारिक घोषणा की जा सकती है।
अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बहुप्रतीक्षित इस सौगात की आधिकारिक घोषणा कब होती है। साथ ही यह भी देखना दिलचस्प होगा कि इस महत्वपूर्ण उपलब्धि का श्रेय लेने की राजनीतिक होड़ में कौन-कौन सामने आता है।
Comments
Post a Comment