नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के तहत विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ, स्वस्थ समाज निर्माण का लिया संकल्प
रुई (घटिया, उज्जैन): मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत शनिवार को शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रुई में नशामुक्ति शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, घटिया के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पुलिस अधिकारियों ने नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश देते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह कुशवाहा, बलवीर सिंह पवार (ब्लॉक समन्वयक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, घटिया), प्रधान आरक्षक राजपाल सिंह राठौर, प्रधान आरक्षक सुनील झा, आरक्षक मनीष राठौर, आरक्षक प्रीतम मिमरोट तथा आरक्षक महेंद्र सिंह परमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार एवं समाज में भी जागरूकता फैलाकर एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रम का संचालन संकुल प्रभारी प्राचार्य प्रियंका शर्मा के नेतृत्व में किया गया। विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने, समाज को नशामुक्त बनाने तथा जन-जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ ली।
विद्यालय परिवार ने कहा कि 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने और समाज को नशामुक्त बनाने का जनआंदोलन है। सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान भी किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।


Comments
Post a Comment