पैसों की कमी से रुक सकता था इलाज, आयुष्मान योजना ने बचाई उज्जैन के चालक की जिंदगी
उज्जैन, 08 जून। केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत निरामयम योजना जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। उज्जैन के पिपलीनाका निवासी प्रकाश शर्मा (45 वर्ष) इसका जीवंत उदाहरण हैं, जिन्हें अब शासकीय डायलेसिस यूनिट में निःशुल्क उपचार मिल रहा है।
प्रकाश शर्मा वाहन चालक के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत लगातार खराब रहने लगी थी। कमजोरी इतनी बढ़ गई कि उन्हें रोजमर्रा के सामान्य कार्य करने में भी परेशानी होने लगी।
जांच में सामने आई किडनी की गंभीर बीमारी
परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में दिखाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उनकी किडनी गंभीर रूप से प्रभावित हो चुकी है और उन्हें तत्काल डायलेसिस की आवश्यकता है।
परिवार ने निजी अस्पताल में उपचार शुरू कराया, लेकिन सप्ताह में दो बार डायलेसिस कराने का खर्च लगातार बढ़ता गया। सीमित आय होने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति पर भारी दबाव पड़ने लगा।
स्वास्थ्य कार्यकर्ता की सलाह बनी सहारा
इसी दौरान क्षेत्र के एक स्वास्थ्य कार्यकर्ता को इस स्थिति की जानकारी मिली। उन्होंने प्रकाश शर्मा के परिवार को जिला चिकित्सालय उज्जैन जाने और आयुष्मान भारत निरामयम योजना का लाभ लेने की सलाह दी।
स्वास्थ्य कार्यकर्ता की सलाह पर परिवार प्रकाश शर्मा को जिला चिकित्सालय उज्जैन लेकर पहुंचा, जहां उनकी पात्रता के आधार पर आयुष्मान भारत निरामयम योजना के तहत निःशुल्क उपचार शुरू किया गया।
सप्ताह में दो बार मुफ्त डायलेसिस
वर्तमान में प्रकाश शर्मा का सप्ताह में दो बार सिविल अस्पताल माधवनगर, उज्जैन स्थित शासकीय डायलेसिस यूनिट में निःशुल्क डायलेसिस किया जा रहा है। उपचार का पूरा खर्च शासन द्वारा वहन किया जा रहा है।
इस सुविधा से परिवार को बड़ी आर्थिक राहत मिली है। पहले जहां हर सप्ताह उपचार के खर्च की चिंता सताती थी, वहीं अब बिना किसी आर्थिक बोझ के नियमित उपचार संभव हो पा रहा है।
स्वास्थ्य में सुधार, परिवार में लौटी उम्मीद
नियमित डायलेसिस और चिकित्सकीय देखरेख के कारण प्रकाश शर्मा के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। वे पहले की तुलना में बेहतर महसूस कर रहे हैं और उनके परिवार के सदस्यों ने भी राहत की सांस ली है।
परिजन बताते हैं कि यदि आयुष्मान भारत योजना का लाभ नहीं मिलता, तो इतने महंगे उपचार का खर्च उठाना उनके लिए बेहद कठिन था।
जरूरतमंदों के लिए वरदान साबित हो रही योजना
आयुष्मान भारत निरामयम योजना के तहत पात्र मरीजों को गंभीर बीमारियों का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। उज्जैन की शासकीय डायलेसिस यूनिट में भी अनेक मरीज इस सुविधा का लाभ लेकर बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त कर रहे हैं।
प्रकाश शर्मा की कहानी इस बात का उदाहरण है कि सरकारी स्वास्थ्य योजनाएं सही जानकारी और समय पर पहुंचने पर किसी परिवार के लिए नई उम्मीद और नया जीवन बन सकती हैं।

Comments
Post a Comment