प्रशासनिक संकुल भवन में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 88 अधिकारियों-कर्मचारियों की हुई जांच
उज्जैन, 08 जून। शासकीय सेवकों के स्वास्थ्य संरक्षण एवं समय पर रोगों की पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के निर्देशानुसार सोमवार को प्रशासनिक संकुल भवन में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक कुमार पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में डायबिटीज, उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन), एनीमिया सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें की गईं। इस प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षणों से मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं अन्य गैर-संचारी रोगों की समय रहते पहचान कर उनका प्रभावी उपचार संभव हो सकेगा।
शिविर में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक परामर्श और उपचार भी उपलब्ध कराया गया। जांच के लिए बीपी मशीन, ग्लूकोमीटर, वजन मशीन तथा माप टेप सहित अन्य आवश्यक उपकरणों का उपयोग किया गया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 08 जून को आयोजित शिविर में कुल 88 अधिकारी एवं कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य संबंधी सलाह प्रदान की गई।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 09 जून को भी प्रशासनिक संकुल भवन, उज्जैन में प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे शिविर में शामिल होकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं उपचार सेवाओं का लाभ उठाएं।
समय पर जांच से गंभीर बीमारियों की रोकथाम संभव
विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण से मधुमेह, उच्च रक्तचाप और एनीमिया जैसी बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान हो जाती है, जिससे समय पर उपचार कर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। इसी उद्देश्य से प्रशासनिक संकुल में यह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।

Comments
Post a Comment