सिंहस्थ 2028 की तैयारी: उज्जैन में तेजी से हो रहे चौड़ीकरण कार्य, CM मोहन यादव ने लिया जायजा
उज्जैन, 15 मई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को उज्जैन प्रवास के दौरान हरसिद्धि पाल से राम घाट मार्ग चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य तेज गति और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए उज्जैन में विभिन्न विकास और चौड़ीकरण कार्य किए जा रहे हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सरकार इन कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग कर रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास कार्यों से धार्मिक एवं पौराणिक नगरी उज्जैन को लंबे समय तक लाभ मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन के नागरिक, जनप्रतिनिधि और सभी धर्मों के लोग विकास कार्यों में सहयोग कर रहे हैं, जो पूरे देश के लिए एक नई मिसाल है। उन्होंने नागरिकों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि यह सहयोग उज्जैन के समग्र विकास को नई दिशा देगा।
यह भी पड़े -
कलेक्टर रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में लेकोडा में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने होमगार्ड द्वारा आयोजित बाढ़ बचाव प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण ले रहे जवानों का उत्साह बढ़ाया और उनका अभिवादन स्वीकार किया।
डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री संतोष कुमार जाट ने बताया कि होमगार्ड के 250 जवानों को 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में डीप डाइविंग, स्विमिंग, नाव संचालन, लाइफ जैकेट के उपयोग, आपदा प्रबंधन, अंडरवाटर रेस्क्यू और सर्फेस वाटर रेस्क्यू जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों की जानकारी दी जा रही है, ताकि बाढ़ जैसी आपदा में तेजी से राहत कार्य किए जा सकें।
इस अवसर पर उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष श्री रवि सोलंकी, राज्यसभा सांसद श्री बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक श्री अनिल जैन कालूहेड़ा, श्री संजय अग्रवाल, सिंहस्थ मेला अधिकारी एवं संभागायुक्त श्री आशीष सिंह, एडीजीपी श्री राकेश गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Comments
Post a Comment