उज्जैन में जनसुनवाई: कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने दिए समयसीमा में निराकरण के निर्देश

 

उज्जैन, 10 फरवरी 2026 (मंगलवार)



सम्राट विक्रमादित्य प्रशासनिक संकुल भवन स्थित कलेक्टर कार्यालय सभागार में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयसीमा में निराकरण करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

जनसुनवाई में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

 



पीएम आवास योजना की शेष किस्त दिलाने के निर्देश

ग्राम भाटखेड़ी, तहसील खाचरौद निवासी श्री गोविंद पिता चंदाजी बागरी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना अंतर्गत मकान निर्माण के लिए उन्हें 25,000 रुपए की पहली किस्त प्राप्त हुई है, किंतु दूसरी और तीसरी किस्त अभी तक नहीं मिली है।

किस्त न मिलने से मकान निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है और परिवार को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस पर कलेक्टर श्री सिंह ने एसडीएम खाचरौद को प्रकरण की जांच कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 



कृषि भूमि के बटांकन का मामला

ग्राम नागूखेड़ा, तहसील तराना निवासी श्री शिवसिंह पिता श्री शंकर लाल ने आवेदन में बताया कि उनकी कृषि भूमि राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है, लेकिन नक्शे में बटांकन नहीं किया गया है।

उन्होंने कृषि भूमि के विधिवत बटांकन की मांग की।

कलेक्टर ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम तराना को आवश्यक कार्यवाही कर नियमानुसार समाधान करने के निर्देश दिए।


नगर निगम द्वारा जप्त सामान वापस दिलाने की मांग

जयसिंहपुरा, उज्जैन निवासी श्री गुरूप्रीत कौर पिता श्री रघुवीर सिंह ने बताया कि वे क्षेत्र में छोटी दुकान लगाकर आजीविका चला रहे हैं। नगर निगम की टीम द्वारा उनका दुकान का सामान जप्त कर लिया गया है, जिससे उनका रोजगार प्रभावित हुआ है।

उन्होंने जप्त सामान वापस दिलाने की मांग की।

कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम आयुक्त को प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

 



भूमि नक्शा सुधार का मामला

ग्राम बागनी, तहसील झारड़ा निवासी श्री मदनलाल चौहान पिता स्व. अनार जी चौहान ने आवेदन में बताया कि ग्राम लसुडिया नाटा स्थित उनकी स्वामित्व की भूमि के नक्शा सुधार हेतु पूर्व में आवेदन दिया गया था, किंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने भूमि का नक्शा सुधारने की मांग की।

कलेक्टर ने महिदपुर एसडीएम को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


अधिकारियों की उपस्थिति में हुई सुनवाई

जनसुनवाई के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री श्रेयांस कूमट, एडीएम श्री अत्येंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और आवेदकों की समस्याओं पर विभागीय स्तर पर सुनवाई की गई।


प्रशासन का स्पष्ट संदेश: समयबद्ध समाधान

कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

Comments

Popular posts from this blog

महाशिवरात्रि पर्व 2026: आस्था, साधना, विज्ञान और सामाजिक समरसता का महापर्व

UGC Act 2026: उच्च शिक्षा में सामाजिक न्याय या नया असंतुलन?

संत रविदास : समता, श्रम और मानव गरिमा के अमर साधक