पं. दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
पुण्यतिथि पर लालघाटी स्थित प्रतिमा पर पुष्पांजलि, नमो वन में रुद्राक्ष का पौधारोपण
भोपाल | बुधवार, 11 फरवरी 2026
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पं. दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता तथा समर्थ भारत निर्माण के चिंतक थे। उन्होंने भारतीय सनातन विचारधारा को युगानुकूल रूप में प्रस्तुत कर देश को विकास की ऐसी दिशा दी, जिसमें समाज के अंतिम व्यक्ति तक समृद्धि पहुँचाने का संकल्प निहित है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भोपाल के लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के पश्चात उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे।
“स्वतंत्रता तभी सार्थक, जब संस्कृति की अभिव्यक्ति बने”
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब विश्व में साम्यवाद और समाजवाद की विचारधाराओं का प्रभाव था, तब पं. दीनदयाल उपाध्याय ने भारत की सांस्कृतिक चेतना पर आधारित ‘एकात्म मानववाद’ का सिद्धांत दिया। यह दर्शन व्यक्ति, समाज और राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी का मानना था कि स्वतंत्रता तभी सार्थक होती है, जब वह हमारी संस्कृति की अभिव्यक्ति का साधन बने। उनके विचारों ने भारतीय मानस को आत्मविश्वास दिया और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में उजास लाने की दिशा दिखाई।
अंत्योदय के विचारों को व्यवहार में उतार रही सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें अंत्योदय के सिद्धांत को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध हैं। गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित योजनाएँ इसी विचारधारा का विस्तार हैं।
उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर केश शिल्पियों को किट वितरण अंत्योदय के विचार को व्यावहारिक रूप देने का सार्थक प्रयास है। इससे श्रमिक वर्ग को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।
नमो वन में रुद्राक्ष का पौधा लगाया
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतिमा स्थल के समीप विकसित ‘नमो वन’ का अवलोकन किया और वहाँ रुद्राक्ष का पौधा रोपा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भारतीय संस्कृति का मूल तत्व है और प्रकृति के साथ संतुलन ही सतत विकास का आधार है।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री श्री विश्वास सारंग, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, श्री रविन्द्र यति सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Comments
Post a Comment