पी.एम. मित्र पार्क बना पुनर्वास का मॉडल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सोच से 24 विस्थापित परिवारों को मिला नया आशियाना

 पीएम मित्र पार्क धार, मुख्यमंत्री मोहन यादव, मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास, विस्थापित परिवार पुनर्वास, PM Mitra Park Rehabilitation, MP Industrial News, धार जिला समाचार, MPIDC प्रोजेक्ट

भोपाल | सोमवार, 15 दिसम्बर 2025 



मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास को मानवीय संवेदनाओं से जोड़ते हुए नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि उद्योगों की स्थापना के साथ-साथ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधायुक्त जीवन भी मिले। इसी सोच का सशक्त उदाहरण धार जिले के ग्राम भैंसोला में विकसित हो रहा देश का पहला पी.एम. मित्र पार्क है।

पी.एम. मित्र पार्क के निर्माण से प्रभावित 89 परिवारों के पुनर्वास हेतु एम.पी.आई.डी.सी. द्वारा आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवासीय कॉलोनी विकसित की जा रही है। पुनर्वास योजना के पहले चरण में 24 परिवारों को पक्के मकान सौंपे गए, जहाँ विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश कराया गया। शेष परिवारों को भी चरणबद्ध तरीके से आवास उपलब्ध कराए जाने की प्रक्रिया जारी है।

प्रदेश सरकार की स्पष्ट नीति है कि औद्योगिक विकास के नाम पर किसी भी परिवार को असुरक्षित या उपेक्षित नहीं छोड़ा जाएगा। इसी नीति के अनुरूप पी.एम. मित्र पार्क परियोजना में पुनर्वास को केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व के रूप में क्रियान्वित किया जा रहा है।

आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुनर्वास कॉलोनी

पुनर्वास कॉलोनी में 89 टू-बीएचके पक्के मकान तथा 140 विकसित भूखण्ड बनाए जा रहे हैं। कॉलोनी में बिजली, पेयजल, पक्की सड़कें, नालियाँ और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र, प्राथमिक विद्यालय, पार्क और सामुदायिक भवन का निर्माण भी किया गया है। संपूर्ण परिसर को सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्रीवॉल से घेरा गया है।

13.48 करोड़ रुपये की पुनर्वास योजना

लगभग 13.48 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही इस पुनर्वास परियोजना में प्रत्येक मकान पर करीब 6 लाख रुपये का व्यय किया जा रहा है। योजना को अप्रैल 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। कॉलोनी में विकसित 140 भूखण्ड भविष्य में अन्य विस्थापन एवं पुनर्वास कार्यों के लिए उपयोग में लाए जाएंगे।

देश के पहले पी.एम. मित्र पार्क में अपनाया गया यह संतुलित और संवेदनशील पुनर्वास मॉडल दर्शाता है कि मध्यप्रदेश सरकार के लिए औद्योगिक प्रगति के साथ सामाजिक न्याय और मानवीय मूल्यों की रक्षा भी समान रूप से महत्वपूर्ण है।


Comments

Popular posts from this blog

डॉ. तेज सिंह सेंधव राष्ट्रीय इतिहास संकलन बैठक में शामिल होने हरियाणा पहुंचे

हर पात्र हितग्राही तक समय पर पहुँचे राशन — मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की बड़ी समीक्षा बैठक

दिव्यांग दिवस: संवेदना, सम्मान और समान अवसर का संकल्प